गरियाबंद

श्रीराम जानकी विद्या मंदिर में सामुहिक ज्ञान दीक्षा संस्कार
06-Jul-2026 4:02 PM
श्रीराम जानकी विद्या मंदिर में सामुहिक ज्ञान दीक्षा संस्कार

नवापारा-राजिम, 6 जुलाई। श्रीराम जानकी विद्यालय में शनिवार को गायत्री परिवार द्वारा ज्ञान दीक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन,संस्कार और शिक्षा के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना तथा उन्हें गुरु के महत्व से अवगत कराना था।

इस अवसर पर बच्चों को भारतीय मूल्यों,वेदों,और श्रेष्ठ संस्कारों की दीक्षा दी गई,जिससे वे गायत्री मंत्र और यज्ञ के माध्यम से अपने विद्यार्थी जीवन की सकारात्मक शुरुआत करते हैं। कार्यक्रम की शुरुआत संगीता श्रीवास्तव ने भगवान और गुरु की वंदना तथा प्रज्ञा गीत की मधुर प्रस्तुति के साथ की। उनकी भावपूर्ण प्रस्तुति से विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। इसके उपरांत, गायत्री परिवार नवापारा के सक्रिय कार्यकर्ता आनंद श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ज्ञान दीक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।  उन्होंने बताया कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए गुरु का मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि गुरु ही विद्यार्थी को सही दिशा प्रदान करते हैं ।

और उसके व्यक्तित्व व चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन,सदाचार और श्रेष्ठ संस्कारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। ज्ञान दीक्षा पूजन का विधिवत संचालन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को ज्ञान, सेवा, सद्भाव एवं राष्ट्र निर्माण के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा दी। पूजन के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों ने श्रेष्ठ जीवन मूल्यों को अपनाने तथा शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में गायत्री परिवार का विशेष सहयोग रहा। विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी कार्यक्रम के आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई, जिससे कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं प्रेरणादायी रूप में संपन्न हुआ।


अन्य पोस्ट