गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 5 जुलाई। स्थानीय सरस्वती शिशु मन्दिर नवापारा में शाला प्रवेश उत्सव बहुत धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य योगिता सिन्हा, अध्यक्षता श्रीराम जानकी शिक्षण समिति के अध्यक्ष विनोद शर्मा, विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत सह-कार्यवाह गोपाल यादव,व्यवस्थापक प्रफुल्ल दुबे,उपाध्यक्ष रमेश पहाडिय़ा, कोमल साहू सहसचिव,अशोक गंगवाल कोषाध्यक्ष,प्राचार्य गौरीशंकर निर्मलकर, संजय बंगानी सदस्य,कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्जवलित कर किए।
इस अवसर पर विद्यालय की छात्रा भाविनी व साथियों तथा मोनिका व साथियों द्वारा टन-टन घंटी बजी और भारत की बेटी जैसे गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किए गए। इस पुनीत अवसर पर मुख्य अतिथि योगिता सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा देश के भविष्य की नींव होती है और बच्चे उसके कर्णधार हैं।
विशिष्ट अतिथि गोपाल यादव ने कहा कि पुस्तकों और संस्कारों के समन्वय से ही हम सबका चरित्र निर्माण होता है। विनोद शर्मा ने बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया। उत्सव के दौरान विद्यालय की कक्षा पहली से दसवीं तक के विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया, जिसमें से 20 बच्चों को विशेष रूप से नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकें प्रदान की गईं। नए प्रवेशी बच्चों का आरती उतारकर, तिलक लगाकर और चॉकलेट देकर सहृदय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ शिक्षक नरेश यादव, दीपक देवांगन, नरेन्द्र साहू, रेणु कुमार निर्मलकर, तामेश्वर साहू, नंद साहू, संजय सोनी,कृष्ण कुमार वर्मा, हुलेश्वरी साहू, लोमेश साहू, प्रीति साहू, नम्रता साहू, देवकी साहू, मानसी साहू, विभीषण साहू आदि उपस्थित रहे ।