गरियाबंद
विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए किया प्रेरित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद,3 जुलाई। नवीन शिक्षा सत्र के शुभारंभ पर कलेक्टर बी.एस. उइके ने राज्यपाल के गोदग्राम बिजली स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद कर नए सत्र की शुभकामनाएं दीं और नियमित अध्ययन, अनुशासन तथा समय का सदुपयोग करने की सीख देते हुए अभी से प्रतियोगी एवं प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी शुरू करने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षाओं, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला और विद्यालय परिसर का अवलोकन किया। उन्होंने पुस्तकालय में पुस्तकों का व्यवस्थित रखरखाव, विज्ञान प्रयोगशाला में आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता एवं नियमित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, वर्षा ऋतु में व्यापक वृक्षारोपण करने और पौधों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण अध्यापन, समय पर पाठ्यक्रम पूर्ण करने, कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने तथा शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल, शौचालयों की साफ-सफाई और प्रेरणादायक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने पर भी बल दिया।
इस दौरान एसडीएम विशाल महाराणा, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर, जिला मिशन समन्वयक शिवेश शुक्ला, प्राचार्य आर.एन. मिश्रा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।