गरियाबंद

7 सूत्रीय मांगे, दैवेभो कर्मियों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी
03-Jul-2026 2:47 PM
7 सूत्रीय मांगे,  दैवेभो कर्मियों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 3 जुलाई। आदिम जाति कल्याण विभाग कर्मचारी संघ के बैनर तले जिले के छात्रावासों एवं आश्रमों में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की सात सूत्रीय मांगों को लेकर शुरू हुई अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार को चौथे दिन भी जारी रही। कर्मचारी सामूहिक अवकाश लेकर धरना स्थल पर डटे हुए हैं और मांगों के निराकरण तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।

जिला मुख्यालय स्थित गांधी मैदान में आदिम जाति कल्याण विभाग कर्मचारी संघ अपनी मांगों को लेकर दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन हड़ताल चौथा दिन भी जारी रहा। संघ  के जिला अध्यक्ष डोमार बघेल ने बताया कि विभाग में लंबे समय से कार्यरत कई कर्मचारियों को सेवा से हटा दिया गया है, जिन्हें तत्काल वापस लिया जाए। इसके अलावा लंबे समय से लंबित वेतन का भुगतान, सभी कर्मचारियों को प्रतिमाह वेंडर पेमेंट, 90 दिनों के आकस्मिक कर्मचारियों के एग्रीमेंट को जोडऩे, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को कार्यादेश एवं अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने तथा रिक्त पदों पर समायोजन कर नियमित वेतनमान का लाभ देने सहित सात सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारी आंदोलन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों ने कई बार अपनी मांगों से विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं होने के कारण अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा है।

वहीं आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त लोकेश्वर पटेल ने बताया कि कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष किए गए कार्यों के भुगतान के लिए अतिरिक्त बजट की मांग शासन को भेजी गई है।

 उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व अधिकारियों द्वारा स्वीकृत सेटअप से अधिक कर्मचारियों की नियुक्ति की गई थी, जिसके कारण वर्तमान में भुगतान और व्यवस्थाओं में कठिनाइयां आ रही हैं।


अन्य पोस्ट