गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद/मैनपुर, 1 जुलाई। नए शिक्षा सत्र की शुरुआत गरियाबंद जिले के मैनपुर में जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुई। कार्यक्रम में महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी एवं बिन्द्रानवागढ़ विधायक जनकराम ध्रुव ने नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और शुभकामनाएं देकर आत्मीय स्वागत किया।
मंगलवार को हायर सेकेंडरी स्कूल में जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को नई पाठ्य पुस्तकें, गणवेश तथा कक्षा 9वीं की छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत साइकिलों का वितरण किया गया। सांसद रूपकुमारी चौधरी बच्चों के बीच जमीन पर बैठीं, उनसे आत्मीय संवाद किया, अपने स्कूली जीवन के अनुभव साझा किए और बच्चों के साथ सेल्फी लेकर उनका उत्साहवर्धन किया।
सांसद श्रीमती चौधरी ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया। वहीं विधायक जनकराम ध्रुव ने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, यह समाज और शासन-प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में कलेक्टर बी.एस. उइके ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने तथा पूरी लगन के साथ अध्ययन करने की प्रेरणा दी। इस दौरान बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों का मन मोह लिया।
पूरे आयोजन में उत्साह, उमंग और शिक्षा के प्रति जागरूकता का वातावरण देखने को मिला।