गरियाबंद
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
गरियाबंद, 30 जून। एक जुलाई से पूरे देश में लागू होने जा रहे विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम-2025 के प्रभावी क्रियान्वयन की तैयारियों के तहत जनपद पंचायत गरियाबंद के सभा कक्ष में सोमवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रखर चंद्राकर के मार्गदर्शन में तथा जनपद पंचायत गरियाबंद की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता शर्मा की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
जनपद पंचायत गरियाबंद के सभाकक्ष में मंगलवार को कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें ग्राम पंचायत रोजगार सहायकों, तकनीकी सहायकों एवं कार्यालयीन कर्मचारियों को अधिनियम के प्रावधानों और उसके प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में बताया गया कि यह अधिनियम 1 जुलाई 2026 से पूरे देश में लागू होगा। इसके तहत प्रत्येक पंजीकृत जॉब कार्डधारी परिवार को प्रतिवर्ष 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी जाएगी। साथ ही समय पर रोजगार उपलब्ध कराने तथा मजदूरी भुगतान में विलंब होने पर मुआवजा देने का भी प्रावधान किया गया है।
प्रशिक्षण के दौरान योजना के चार प्रमुख कार्य क्षेत्रों—जल संरक्षण, ग्रामीण आधारभूत संरचना विकास, आजीविका संवर्धन एवं आपदा प्रबंधन—से संबंधित कार्यों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने सभी मैदानी अमले से 1 जुलाई से योजना का सफल, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।