गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 30 जून। राष्ट्रीय एकता एवं साम्प्रदायिक सद्भाव के प्रतीक संत शिरोमणि सद्गुरु कबीर साहेब जयंती के अवसर पर 28 जून को भारतीय दलित साहित्य अकादमी द्वारा गोंडवाना भवन में आयोजित प्रादेशिक सम्यक प्रबोधन,काव्य पाठ एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में सुश्री उमेश्वरी साहू को वीरांगना दुर्गावती नारी शक्ति अवार्ड से सम्मानित किया गया।
गौरतलब है कि उमेश्वरी साहू वर्तमान में सक्षम दिव्यांग आवासीय विद्यालय राजिम, जिला गरियाबंद में प्रधान पाठक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, प्रशिक्षण, पुनर्वास, स्वास्थ्य संवर्धन एवं व्यक्तित्व विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। श्रवण बाधित, दृष्टिबाधित एवं बौद्धिक दिव्यांग बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर निस्वार्थ सेवाएं दे रही हैं। योग, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से दिव्यांग विद्यार्थियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में सहभागिता दिलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। महिला सशक्तिकरण, नशामुक्ति अभियान,बाल कल्याण तथा मतदाता जागरूकता जैसे सामाजिक कार्यक्रमों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है।
सुश्री उमेश्वरी साहू को पूर्व में पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन तथा जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न अवसरों पर सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोडऩा ही वास्तविक सामाजिक समरसता, समानता और राष्ट्रीय एकता का आधार है। उनके अनुसार जब समाज के सबसे संवेदनशील वर्ग को सम्मान और अवसर मिलता है, तब समता, सद्भाव और राष्ट्र निर्माण की भावना और अधिक मजबूत होती है।
यह सम्मान उनके वर्षों के समर्पण, सेवा भावना और दिव्यांग बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों का सम्मान माना जा रहा है। उर्मेश्वरी साहू ने इस सम्मान का श्रेय अपने माता पिता,विद्यालय परिवार, सहयोगियों एवं समाज के सभी शुभचिंतकों को देते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में आगे भी समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा देगा।इस उपलब्धि पर क्षेत्र के शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने उर्मेश्वरी साहू को बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।