गरियाबंद

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर गरियाबंद पुलिस का जनजागरूकता अभियान
30-Jun-2026 7:01 PM
सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर गरियाबंद पुलिस का जनजागरूकता अभियान

हाट-बाजारों में पहुंचकर किया जागरूक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 30 जून। भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर गरियाबंद पुलिस ने जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमें गांव-गांव और साप्ताहिक हाट-बाजारों में पहुंचकर लोगों को कानून, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक कर रही हैं।

अभियान के तहत थाना पांडुका, फिंगेश्वर और मैनपुर की पुलिस टीमों ने ग्रामीणों को बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। अधिकारियों ने सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, किसी अनजान व्यक्ति के साथ निजी जानकारी या फोटो साझा नहीं करने तथा ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी।

महिला सुरक्षा को लेकर भी विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को छत्तीसगढ़ पुलिस के अभिव्यक्ति ऐप की जानकारी दी और मौके पर ही उनके मोबाइल में ऐप डाउनलोड कराया। साथ ही आपातकालीन सेवा डायल-112 के त्वरित उपयोग की प्रक्रिया भी समझाई गई।

इस दौरान नशामुक्ति और सडक़ सुरक्षा पर भी जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने, नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने देने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने से बचने की अपील की। पुलिस ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को कानून के प्रति जागरूक बनाते हुए सुरक्षित और जिम्मेदार समाज का निर्माण करना है।

गरियाबंद पुलिस का यह जनसंपर्क अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से जोडऩे के साथ-साथ पुलिस और आमजन के बीच विश्वास को भी मजबूत कर रहा है।


अन्य पोस्ट