गरियाबंद
महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 29 जून। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश अध्यक्ष अरुण ताम्रकार के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले नियमित कार्यक्रम के तहत, ब्लॉक कांग्रेस सेवादल गोबरा-नवापारा द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी चौक (सदर रोड) में झंडा वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रदीप साहू द्वारा राष्ट्रीय ध्वज वंदन के साथ हुई, जिसके बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान, ध्वज को सलामी तथा संविधान व लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान जिला कांग्रेस महामंत्री सौरभ शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। शर्मा ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रशासन जनहित के मुख्य मुद्दों पर जनता को जवाब देने से बच रहा है।
पुरानी बहसों से ध्यान भटकाने का प्रयास- सुरेंद्र साहू
सेवादल के जिला महामंत्री (संगठन निर्माण) सुरेंद्र साहू ने अपने वक्तव्य में आपातकाल के विषय पर बात की। उन्होंने कहा कि वर्ष 1975-77 की परिस्थितियां एक अलग ऐतिहासिक कालखंड का हिस्सा थीं, परंतु वर्तमान में भाजपा उस विषय को लेकर राजनीतिक भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आज देश के सामने महंगाई, बेरोजगारी और किसान संकट जैसे अधिक गंभीर मुद्दे हैं, जिनसे जनता का ध्यान भटकाने के लिए 50 वर्ष पुरानी बहस को सामने लाया जा रहा है। साहू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामा यादव, राजा चांवला, ब्लॉक कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष बीरबल बंजारा, ग्रामीण सेवादल अध्यक्ष चतुर सिंह जगत, अजय साहू, रामरतन निषाद, अर्जुन साहू और नगर पालिका पार्षद टिकेश्वर गिलहरे उपस्थित थे।
इनके साथ ही उपाध्यक्ष रामकुमार शर्मा, जिला ग्रामीण महामंत्री घनश्याम साहू, भागवत साहू, राकेश सोनकर, निर्माण यादव, विजय तारक, दाउ साहू, अमर सिंह चक्रधारी, देवा सोना, विवेक साहू, भारत गिरी गोस्वामी, प्रदीप साहू, श्याम पटेल, रूपराम साहू, नंदू साहू, आकाश सोना, भुवेश कुमार, टोमन साहू, दूरपति सोना, शीतल जगत, रूखमणी जगत, नीला जगत, आराधना जगत सहित बाल सेवादल के जयबीर जगत, जिज्ञान जगत, कुसुम जगत, मनोहर जगत और महिला कांग्रेस व एनएसयूआई के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।