गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 25 जून। गंगा दशहरा एवं गायत्री जयंती के पावन अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार नवापारा के परिजनों द्वारा 15 जून से 23 जून तक 9 द्विसीय गायत्री चालीसा पाठ का अनुष्ठान साधना बड़े ही श्रद्धा,भक्ति एवं आध्यात्मिक उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ।
23 जून को गायत्री मंदिर में सुबह से 12 घंटे का सामूहिक गायत्री महामंत्र जप प्रारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। संध्या बेला में सामूहिक आरती, गायत्री चालीसा पाठ का आयोजन किया गया वहीं बुधवार को सुबह 10 बजे से गुरु वंदना वैदिक मन्त्रोंचार के साथ यज्ञीय वातावरण का शुभारम्भ हुआ। इस 5 कुण्डीय यज्ञ में 1 जन्मदिन संस्कार और 1 विद्यारम्भ संस्कार संम्पन्न हुए.गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं ने बताया कि गंगा दशहरा भारतीय संस्कृति का एक महत्वपूर्ण पर्व है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इसी दिन माँ गंगा का पृथ्वी पर अवतरण हुआ था।
जो पवित्रता, जीवन और लोककल्याण का प्रतीक है।
यह पर्व मानव जीवन में शुद्ध विचार, श्रेष्ठ आचरण और समाज हित की भावना विकसित करने का संदेश देता है। इसी दिन गायत्री जयंती भी मनाई जाती है। गायत्री को वेदमाता, देवमाता और विश्वमाता कहा गया है। गायत्री मंत्र को ज्ञान, विवेक एवं सद्बुद्धि का स्रोत माना जाता है, जो व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त करता है। युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के विचारों का उल्लेख करते हुए वक्ताओं ने कहा कि गंगा दशहरा और गायत्री जयंती का संयुक्त पर्व आत्मशुद्धि, विचार क्रांति और लोकमंगल का महापर्व है। बाहरी गंगा जहां शरीर को स्वच्छ करती है, वहीं गायत्री की ज्ञानगंगा मनुष्य के मन, बुद्धि और संस्कारों को पवित्र बनाती है। इस अवसर पर गायत्री परिवार के सदस्यों ने समाज में नैतिकता, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, संस्कार संवर्धन और युग निर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।तत्पश्चात जयकारा के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।