गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 25 जून। पक्के मकान के हक के लिए ग्राम सभाओं में पहुंचने की अपील विधायक रोहित साहू ने किया है। उन्होंने कहा कि कोई पात्र परिवार नहीं छूटेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के प्रत्येक आवासहीन परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 24 जून से आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है।
इस महत्वपूर्ण अभियान को लेकर राजिम विधायक रोहित साहू ने क्षेत्र की जनता से अपील की है कि वे अपने-अपने ग्राम पंचायतों में आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं में अनिवार्य रूप से शामिल हों और पात्र परिवारों का नाम सूची में दर्ज कराने की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा है कि देश का कोई भी गरीब परिवार बिना पक्के मकान के न रहे, और इसी संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन में आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण का कार्य शुरू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस सर्वेक्षण के तहत सिस्टम जनरेटेड स्थायी प्रतीक्षा सूची (पीडब्ल्यूएल) का ग्राम सभाओं में वाचन, अवलोकन और परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि शासन की मार्गदर्शिका और एसओपी के अनुसार ग्राम सभाओं में प्राथमिकता सूची तैयार की जाएगी, साथ ही सूची में नाम जोडऩे, हटाने या त्रुटि सुधार के लिए दावा-आपत्ति भी प्राप्त की जाएगी।
ग्राम सभा से अनुमोदन के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत इस स्थायी प्रतीक्षा सूची को आवास सॉफ्टवेयर में अपलोड किया जाएगा, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने क्षेत्र के सभी ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और पात्र हितग्राहियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने ग्राम पंचायत मुख्यालयों में पहुंचकर सूची का बारीकी से अवलोकन करें। यदि किसी पात्र परिवार का नाम सूची में छूट गया हो या किसी प्रकार की त्रुटि हो, तो वे दावा-आपत्ति की प्रक्रिया में शामिल होकर उसका निराकरण कराएं। श्री साहू ने स्पष्ट कहा कि सरकार का संकल्प है कि कोई भी पात्र, गरीब और जरूरतमंद परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने इसे गरीबों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर जीवन की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए कहा कि राजिम विधानसभा क्षेत्र के हर जरूरतमंद परिवार तक योजना का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह केवल सर्वेक्षण नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के सपनों को पक्की छत देने का अभियान है, जिसमें जनता की सक्रिय भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।