गरियाबंद

खट्टी स्कूल में शाला प्रवेशोत्सव, नव प्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत
25-Jun-2026 3:33 PM
खट्टी स्कूल में शाला प्रवेशोत्सव, नव प्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद,25 जून। शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला खट्टी, विकासखंड एवं जिला गरियाबंद में बुधवार को नव प्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर खीर पूड़ी खिलाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को नि:शुल्क गणवेश एवं पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा सभी बच्चों एवं उपस्थित पालकों को खीर-पूरी का भोजन कराकर उनके प्रथम विद्यालय आगमन को यादगार बनाया गया।

शाला प्रवेशोत्सव के मुख्य अतिथि प्रभु राम यादव अध्यक्ष शाला प्रबंधन समिति ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा उनकी पढ़ाई में सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने शासन द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी देते हुए बच्चों को मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व ग्राम पटेल सुभान ध्रुव ने कहा कि विद्यालय समाज निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने सभी अभिभावकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु विद्यालय के साथ निरंतर सहयोग बनाए रखने की अपील की। उन्होंने विद्यालय परिवार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए शिक्षक गिरीश शर्मा ने कहा कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही सभी बच्चों को नियमित उपस्थिति एवं अनुशासन का पालन करने हेतु प्रेरित किया।

अंत में सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त गीता चंद्राकर प्रधान पाठक प्राथमिक शाला ने किया। पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक चैन सिंह यादव सहित गीता चंद्राकर, प्रेमीन, अश्वनी, कांति, अनुर दिवाकर, संकुल समन्वयक दल प्रसाद साहू, शिक्षक टिकेश्वरी आमदे, देवेन्द्र कांशी, मीणा यादव के साथ ही विद्यार्थीगण उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट