गरियाबंद

मानिकचौरी हायर सेकेंडरी स्कूल में शाला प्रवेशोत्सव
19-Jun-2026 3:29 PM
मानिकचौरी हायर सेकेंडरी स्कूल में शाला प्रवेशोत्सव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 19 जून। नये शिक्षा सत्र के  शुभारंभ में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मानिकचौरी में 16 जून मंगलवार को शाला  प्रवेश उत्सव बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया।

विदित हो कि छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार नए सत्र में नव प्रवेशी बच्चों को तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया गया और उन्हें आवश्यक शिक्षण सामग्री वितरित कर शिक्षा के नए सफर के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरपंच  हेमलता साहू रही। अध्यक्षता संस्था प्राचार्य शेखर प्रसाद साव ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में एसएमडीसी अध्यक्ष पंडित गोविंद प्रसाद तिवारी, बुद्धेश्वर साहू पूर्व सरपंच,रमेश कुमार साहू सेवानिवृत्त टी.आई.,एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य एस. आर.सोनबरसा रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ ज्ञान दायिनी विद्यादायिनी मां सरस्वती के पूजन अर्चन के साथ हुआ।अतिथियों का स्वागत विद्यालय परिवार के द्वारा किया गया। तत्पश्चात  कक्षा छठवीं एवं  नवमी में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को निशुल्क पुस्तक प्रदाय कर ,तिलक वंदन कर ,मिठाई खिलाकर अतिथि के द्वारा सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि हेमलता साहू सरपंच ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि भारत उत्सव का देश है। यहाँ विभिन्न प्रकार के उत्सव मनाये जाते हैं उसमें से एक उत्सव शाला प्रवेशोत्सव है। समय के साथ बहुत अच्छा प्रयास शासन के द्वारा किया जा रहा है कि नवप्रवेशित विद्यार्थियों को एक नया माहौल, नयापरिवेश शाला में मिलता रहे। विशिष्ट अतिथि गोविंद प्रसाद तिवारी ने कहा कि बच्चे विद्यालय आकर विद्यावान, चरित्रवान् एवं आदर्श विद्यार्थी बने। सेवानिवृत्त प्राचार्य एस आर सोनबरसा ने कहा कि प्रत्येक शिक्षक का दायित्व है कि शाला त्यागी बच्चों को शिक्षा से जोडऩे के लिए निरंतर प्रयास करे। उन्होने कहा कि गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा ,संस्कार एवं नैतिक मूल्यों की शिक्षा भी आवश्यक है। जिससे उसका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।  संस्था प्राचार्य शेखर प्रसाद साव ने स्कूल की शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का केन्द्र नहीं बल्कि संस्कार, व्यक्तित्व निर्माण और उज्जवल भविष्य की नींव रखने का सबसे महत्वपूर्ण मंच है। कार्यक्रम को पूर्व सरपंच बुद्धेश्वर साहू एवं सेवानिवृत्त टी.आई.रमेश कुमार साहू ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों ,अभिभावकों एवं छात्र -छात्राओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ व्याख्याता एस.एल.साहू ने किया व आभार प्रदर्शन श्रीमती अल्पना श्रीवास्तव ने किया।


अन्य पोस्ट