गरियाबंद

6 सौ करोड़ के विकास कार्यों का सीएम ने किया लोकार्पण-भूमिपूजन
18-Jun-2026 4:31 PM
6 सौ करोड़ के विकास कार्यों का सीएम ने किया लोकार्पण-भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 18 जून। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को जिले के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में 600 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के इकाई-1 के 19 कार्यों के लिए 13 करोड़ 70 लाख 84 हजार रुपये, इकाई-2 के 8 कार्यों के लिए 33 करोड़ 24 लाख 88 हजार रुपये, स्वास्थ्य विभाग के 5 कार्यों के लिए 6 करोड़ 9 लाख रुपये तथा छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड के एक कार्य के लिए 3 करोड़ 15 लाख रुपये लागत के कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया।

बिहान समूह की महिलाओं

ने बिखेरा हुनर

कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) से जुड़ी स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने पारंपरिक व्यंजनों और मूल्य संवर्धित उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया। महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे और स्थानीय उत्पादों को सराहना मिली।

विकसित गरियाबंद के निर्माण का किया आह्वान

मुख्यमंत्री श्री साय ने जिलेवासियों को विकास कार्यों की सौगात के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विकसित गरियाबंद, विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनहित और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

जनकल्याणकारी योजनाओं को

बताया सरकार की प्राथमिकता

खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सभी वर्गों के हित में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों को तेजी से पूरा किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना और धान खरीदी जैसी योजनाओं के साथ किसानों को धान के अलावा अन्य फसल लेने पर प्रति एकड़ 15 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान करेगी।

कार्यक्रम को महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी , जिला प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल तथा राजिम विधायक रोहित साहू ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप,  जनपद पंचायत अध्यक्ष सोहन ध्रुव, वरिष्ठ नागरिक अनिल चंद्राकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट