गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा राजिम, 12 जून। नगर की प्राचीन श्री महावीर बजरंग अखाड़ा सेवा समिति द्वारा निर्माणाधीन महिला जिम भवन के अधूरे कार्य को शीघ्र पूरा कराने हेतु नगर पालिका के इंजीनियर राहुल थवानी से समिति ने निवेदन किया। इस अवसर पर इंजीनियर थवानी ने 15 दिन के भीतर अधूरे कार्य को पूरा करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि संजय साहू,नगर पालिका के उपाध्यक्ष भूपेन्द्र सोनी, अखाड़ा समिति के संरक्षक शिवकुमार पांडेय,उपाध्यक्ष गोविंद कंसारी,मीडिया प्रभारी तुकाराम कंसारी, महिला जिम के कार्यकारिणी सदस्य रानी निषाद, तारिणी निषाद,पल्लवी राय,ललिता कंसारी,निहारिका कंसारी उपस्थित रहे।
महिला जिम भवन का निर्माण समिति द्वारा नगर की महिलाओं के स्वास्थ्य और फिटनेस को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। अधूरे कार्य को जल्द पूरा कर महिलाओं को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए समिति ने नगर पालिका प्रशासन से सहयोग की अपील की है। समिति का कहना है कि भवन के पूरा होते ही नगर की महिलाओं को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में व्यायाम और खेलकूद की सुविधा मिलेगी। इस पहल से नगर में महिला सशक्तिकरण और खेलकूद के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलेगी। समिति ने सभी नागरिकों से सहयोग एवं समर्थन की भी अपील की।


