गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 9 जून। जिला परिवहन विभाग एवं ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने बस स्टैंड में यात्री बसों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान अनेक बसों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई, 6 बसों में इमरजेंसी दरवाजों पर अतिरिक्त सीटें मिली, फायरसेफ्टी भी एक्सपायरी मिले, चालक-परिचालक बिना वर्दी के मिले। ट्रैफिक पुलिस ने चालानी कार्रवाई की।
सोमवार को शाम 4 बजे के आसपास जिला परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने यात्री बसों का आकस्मिक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कुल 10 बसों की जांच की गई, जिसमें कई बसों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई।
6 बसों में इमरजेंसी दरवाजों पर अतिरिक्त सीटें मिलीं
निरीक्षण के दौरान 6 बसों में इमरजेंसी एग्जिट के सामने अतिरिक्त सीटें लगाई गई थीं। वहीं इमरजेंसी दरवाजों को खोलकर जांच करने पर वे लॉक पाए गए, जो यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर लापरवाही मानी गई।
फायर सेफ्टी उपकरण भी मिले एक्सपायरी
कुछ बसों में लगे फायर एक्सटिंग्विशर की वैधता समाप्त हो चुकी थी, जबकि कुछ वाहनों में आवश्यक सुरक्षा उपकरण भी नहीं पाए गए।
बिना परमिट, फिटनेस और सुरक्षा दस्तावेजों के चल रही थी बस
निरीक्षण के दौरान एक बस ऐसी मिली जिसके पास न तो वैध परमिट था, न फिटनेस प्रमाणपत्र और न ही आवश्यक सुरक्षा दस्तावेज। परिवहन विभाग ने उक्त बस को जब्त कर कार्रवाई की।
बिना वर्दी मिले चालक और परिचालक
कई बसों के चालक और परिचालक निर्धारित वर्दी में नहीं मिले, जिस पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा चालानी कार्रवाई की गई। जिला परिवहन अधिकारी श्री वर्मा ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और इस प्रकार के आकस्मिक निरीक्षण समय-समय पर किए जाते रहेंगे। यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं, नियम तोडऩे वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


