गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 30 मई। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवापारा के अध्यक्ष रामा यादव ने नगर क्षेत्र में रेत परिवहन करने वाले हाइवा एवं अन्य भारी वाहनों के अनियंत्रित आवागमन पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं थाना प्रभारी गोबरा नवापारा को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में बताया गया है कि नगर के व्यस्ततम मार्ग गंज रोड सहित अन्य प्रमुख सडक़ों पर रेत से भरे भारी वाहन लगातार गुजर रहे हैं, जिससे आम नागरिकों, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं व्यापारियों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। नगर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है, ऐसे में भारी वाहनों का दिनभर संचालन जनसुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बन गया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन का ध्यान इस तथ्य की ओर भी आकर्षित कराया है कि नगर पालिका परिषद द्वारा पूर्व में प्रस्ताव पारित कर सुबह 8 बजे से रात्रि 10 बजे तक नगर क्षेत्र में रेत से भरे भारी वाहनों के प्रवेश एवं संचालन पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया था। इसके बावजूद नियमों का प्रभावी पालन नहीं हो रहा है।
कांग्रेस ने मांग की है कि नगरवासियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सुबह 8 बजे से रात्रि 10 बजे तक रेत परिवहन करने वाले हाइवा एवं अन्य भारी वाहनों का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद कराया जाए तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि 24 घंटे के भीतर इस संबंध में ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है, तो जनहित एवं नगरवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी
ज्ञापन सौपने वालों में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामा यादव, पूर्व उपाध्यक्ष जीत सिंग,महिला कांग्रेस अध्यक्ष व पार्षद दीपाली राजपूत, पार्षद अजय साहू, अर्जुन साहू, हेमंत साहनी,टिकेश्वर गिलहरे, सुरेन्द्र साहू, निर्माण यादव, मितेश शाह, विजय तारक,विक्की साहू, अजय शर्मा सहित अन्य कांग्रेस जनो उपस्थित रहे।


