गरियाबंद

कुकदा डेम में डूबने से युवक-युवती की मौत, रायपुर से घूमने आए थे चार दोस्त
29-May-2026 3:32 PM
कुकदा डेम में डूबने से युवक-युवती की मौत, रायपुर से घूमने आए थे चार दोस्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 29 मई। गरियाबंद जिले के पांडुका क्षेत्र स्थित कुकदा डेम नहाने उतरे युवक और युवती की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पांडुका पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और दोनों शवों को बाहर निकलवाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार रायपुर शंकर नगर इलाके से चार दोस्त सिंपी सक्सेना (22), पीयूष मंडल (23), आदित्य ठाकुर और आकाश साहू घूमने के लिए कुकदा डैम पहुंचे थे। शाम करीब 5 बजे सभी डैम में नहाने के लिए उतरे। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से 22 वर्षीय सिंपी और 23 वर्षीय पीयूष मंडल डूब गए। साथ आए अन्य दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों पानी में समा चुके थे।

बताया जा रहा है कि दोनों को तैरना नहीं आता था, जिसके कारण वे बाहर नहीं निकल सके। घटना की सूचना मिलते ही पांडुका पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव बाहर निकलवाए गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

कुकदा डैम में यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई लोग यहां डूबकर अपनी जान गंवा चुके हैं। सिंचाई विभाग द्वारा डैम के आसपास बड़े-बड़े अक्षरों में चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। साथ ही नीचे उतरने से रोकने के लिए तार घेरा भी किया गया है, लेकिन लोग चेतावनियों को नजरअंदाज कर सीधे पानी में उतर जाते हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि डैम की गहराई का सही अंदाजा नहीं लग पाने के कारण अक्सर लोग हादसे का शिकार हो जाते हैं। गर्मी के मौसम में यहां बड़ी संख्या में लोग नहाने और घूमने पहुंचते हैं, जिससे खतरा और बढ़ जाता है।


अन्य पोस्ट