गरियाबंद

महंगाई के खिलाफ कांग्रेस की हुंकार, संगठन मजबूती पर मंथन
28-May-2026 3:18 PM
महंगाई के खिलाफ कांग्रेस की हुंकार, संगठन मजबूती पर मंथन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 28 मई। जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा के नेतृत्व में आयोजित हुई, जिसमें बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा गया। बैठक में पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ला, विधायक जनक राम ध्रुव और जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ल ने कहा कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण आम जनता महंगाई से परेशान है। पेट्रोल-डीजल की कीमत बढऩे से रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं। वहीं विधायक जनक राम ध्रुव ने भाजपा सरकार पर उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया।

बैठक में संगठन मजबूती पर विशेष जोर देते हुए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। संचालन कमलेश यादव ने किया तथा आभार मंजू ध्रुव ने व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट