गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 28 मई। नगर सेलून संघ एवं सेन महिला मंच नवापारा के संयुक्त तत्वावधान में पिछले दिनों भव्य सेन जयंती समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें संत शिरोमणि सेन महाराज की भव्य मूर्ति का अनावरण और स्थापना की गई।
इस अवसर पर अभनपुर विधानसभा के विधायक इंद्र कुमार साहू,नगर पालिका अध्यक्ष ओम कुमारी संजय साहू, उपाध्यक्ष भुपेंद्र सोनी,मंडल अध्यक्ष नागेन्द्र वर्मा,भाजपा पार्षदगण एवं सेन समाज के अध्यक्ष,सचिव और समाज के वरिष्ठजन विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को विधायक इंद्र कुमार साहू,नगर पालिका अध्यक्ष ओम कुमारी साहू सहित अन्य जनों ने संबोधित करते हुए इस अवसर की सभी लोगों को बधाई शुभकामनाएं दिए।
कार्यक्रम का शुभारंभ सभी उपस्थित पदाधिकारियों और सदस्यों द्वारा मूर्ति के अनावरण से हुआ। इस अवसर पर समाज के सभी लोगों ने श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भाग लिया। उपस्थित जनसमूह ने अपने करकमलों से समाज की एकता, संस्कृति और गौरव को सहेजने तथा आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। समारोह में नागरिकों की विशाल उपस्थिति ने इसे और भी भव्य और ऐतिहासिक बना दिया। इस अवसर पर समाज की एकता, भाईचारा और सामाजिक समर्पण का संदेश पूरे नगर में गूंजा। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल संत शिरोमणि सेन जी महाराज की स्मृति को सम्मानित करना था, बल्कि नई पीढ़ी को समाज की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोडऩा भी था।
समाज के प्रतिनिधियों ने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे मिलजुल कर समाज की उन्नति और ऐतिहासिक गौरव को बनाए रखें। इस अवसर पर यह स्पष्ट हुआ कि समाज की एकता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है।


