गरियाबंद

सीईओ ने लाईवलीहुड कॉलेज का किया औचक निरीक्षण
28-May-2026 2:52 PM
सीईओ ने लाईवलीहुड कॉलेज का किया औचक निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 28 मई।  जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर ने आज जिला मुख्यालय स्थित लाईवलीहुड कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना अंतर्गत संचालित विभिन्न आवासीय कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी ली तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हितग्राहियों से सीधे संवाद किया।

इस दौरान जल वितरण संचालक, डॉक्यूमेंटेशन एग्जीक्यूटिव एवं गेस्ट सर्विस एसोसिएट (फूड एंड बेवरेज) कोर्स में प्रशिक्षण ले रहे लगभग 90 हितग्राहियों से चर्चा कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उपलब्ध सुविधाओं तथा रोजगार संभावनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने हितग्राहियों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था एवं शैक्षणिक वातावरण का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण संस्थान प्रबंधन को सभी आवश्यक सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण मिल सके।

लाईवलीहुड कॉलेज में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान वाहन चालक, बांस टोकरी निर्माता, ग्रामीण राजमिस्त्री, सेल्स पर्सन (डिस्ट्रीब्यूशन), बायोमेडिकल उपकरण रख-रखाव सहायक, इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन एवं सिक्योरिटी गार्ड जैसे विभिन्न रोजगारपरक कोर्सों में नि:शुल्क आवासीय कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक युवक-युवतियां लाईवलीहुड कॉलेज, देवभोग रोड, गरियाबंद पहुंचकर आवेदन कर सकते हैं।


अन्य पोस्ट