गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 27 मई। राजिम के सबसे व्यस्त इलाके पंडित सुंदर लाल शर्मा चौक में सोमवार रात भीषण सडक़ हादसे से अफरा-तफरी मच गई। तेज रफ्तार ट्रक ने सडक़ किनारे खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी और उसे घसीटते हुए सीधे दुकान में जा घुसा। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं आसपास की दुकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
घटना राजिम थाना क्षेत्र की है। मामले में कार चालक प्रशांत गुप्ता की शिकायत पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक प्रशांत गुप्ता सोमवार रात करीब 8.30 बजे अपनी बलेनो कार क्रमांक सीजी 04 एनडब्ल्यू 1916 से फल खरीदने राजिम बस स्टैंड पहुंचे थे। उन्होंने कार को वर्मा फोटो फ्रेमिंग दुकान के सामने खड़ी कर फल लेने चले गए। इसी दौरान महासमुंद की ओर से आ रही ट्रक क्रमांक सीजी 06 जीजेड 3555 का चालक रॉग साइड से वाहन चलाते हुए आया और खड़ी कार को साइड से जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक कार को घसीटते हुए दुकान तक ले गया। हादसे में कार चारों तरफ से क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं वर्मा फोटो फ्रेमिंग दुकान के सामने रखा टीन शेड, लोहे के एंगल एवं अन्य सामान भी टूट गए। आसपास की अन्य दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद चौक पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। हादसे के बाद कुछ समय तक चौक पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।