गरियाबंद

वन अधिकार प्रकरणों पर चर्चा
26-May-2026 3:32 PM
वन अधिकार प्रकरणों पर चर्चा

छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 26 मई।   जिला स्तरीय वन अधिकार समिति की बैठक शुक्रवार को जिला कार्यालय सभाकक्ष में कलेक्टर बीएस उइके की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पैरी घुमर कैनाल डायवर्सन कार्य सहित सामुदायिक एवं व्यक्तिगत वन अधिकार से जुड़े विभिन्न प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य शिवांगी चतुर्वेदी एवं लेखराज ध्रुवा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

इस दौरान सहायक आयुक्त आदिवासी विकास लोकेश्वर पटेल, उप वन मंडलाधिकारी मनोज चंद्राकर, सहायक संचालक उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व तौरेंगा जे.पी. दर्रो तथा जल संसाधन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी आर.पी. साहू सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

बैठक में सामुदायिक वन अधिकार, सामुदायिक वन संसाधन अधिकार एवं व्यक्तिगत वन अधिकार से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा की गई। समिति द्वारा सामुदायिक वन संसाधन के तीन प्रकरणों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।

इसके अलावा अन्य लंबित प्रकरणों में आवश्यक दस्तावेजों की कमी को शीघ्र पूरा कर आगामी बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। समिति ने वन अधिकार से जुड़े मामलों के त्वरित एवं सुव्यवस्थित निराकरण पर विशेष जोर दिया।


अन्य पोस्ट