गरियाबंद
ठेकेदार और एजेंसी पर लापरवाही का आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 24 मई। नवापारा थाना क्षेत्र में महानदी किनारे चल रहे तटबंध निर्माण कार्य के दौरान एक 16 वर्षीय किशोर मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार और एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला ग्राम कोलियारी और पारागांव के बीच का है। मृतक की पहचान हर्ष साहू (16 वर्ष) निवासी ग्राम हसदा नंबर 2 अभनपुर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, हर्ष तटबंध निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था। शुक्रवार सुबह काम के दौरान उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी में काम करते समय उसे चक्कर आया और वह मौके पर ही गिर पड़ा। साथी मजदूर उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर गोबरा नवापारा रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही किशोर की मौत हो गई। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में ठेकेदार और निर्माण एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। फिलहाल गोबरा नवापारा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इधर, मामले को लेकर जनपद सदस्य मेनका संजय पटेल ने गोबरा नवापारा थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर ठेकेदार और निर्माण एजेंसी पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि निर्माण स्थल पर मजदूरों के लिए सुरक्षा उपकरण, प्राथमिक उपचार, मेडिकल सुविधा और पर्याप्त पेयजल जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं तक मौजूद नहीं थीं। साथ ही नाबालिग किशोर से मजदूरी कराना श्रम कानूनों का खुला उल्लंघन बताया गया है। शिकायत में चेतावनी दी गई है कि यदि दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ ठेकेदार कार्यालय का घेराव और आंदोलन किया जाएगा।


