गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 22 मई। मगरलोड थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला सडक़ हादसा सामने आया है। मेघा मेन रोड पर तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का पूरा घटनाक्रम सडक़ किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।
मृतक की पहचान ग्राम अमलीडीह निवासी यशवंत निषाद (25 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यशवंत निषाद अपनी बाइक से मेघा मार्ग की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक उसके सामने एक पैदल राहगीर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और यशवंत सडक़ पर गिर पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक संभल भी नहीं पाया था कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। पिकअप के पिछले पहिए से युवक का सिर कुचल गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि पिकअप वाहन काफी तेज गति में था। युवक सडक़ पर गिरते ही वाहन उसके ऊपर से गुजर गया। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई और सडक़ सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल युवक को सडक़ किनारे पहुंचाया और तत्काल पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। युवक को तुरंत मगरलोड स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।


