गरियाबंद

बिजली दफ्तर में सेंधमारी, खिडक़ी तोडक़र लाखों के उपकरण पार
22-May-2026 4:07 PM
बिजली दफ्तर में सेंधमारी, खिडक़ी तोडक़र लाखों के उपकरण पार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 22 मई। नवापारा क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब सरकारी कार्यालय भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के पारागांव उपसंभाग कार्यालय में अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए विद्युत सुरक्षा उपकरणों पर हाथ साफ कर दिया। चोर खिडक़ी के रास्ते कार्यालय के भीतर घुसे और कॉपर पट्टी, कॉपर वायर सहित बड़ी मात्रा में विद्युत सामग्री चोरी कर फरार हो गए। मामले की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार कार्यालय में पदस्थ सहायक यंत्री धर्मेंद्र साहू को 18 मई की सुबह करीब 10 बजे कार्यालय कर्मचारियों से चोरी की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वे कार्यालय पहुंचे, जहां निरीक्षण करने पर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। बताया गया कि अज्ञात चोर कार्यालय के पीछे लगे एग्जॉस्ट फैन वाली खिडक़ी के रास्ते अंदर घुसे थे। इसके बाद चोरों ने कार्यालय में रखे विद्युत सुरक्षा उपकरणों को निशाना बनाया।

चोर 08 नग डिस्चार्ज रॉड में लगे कॉपर पट्टी और कॉपर वायर, 50 नग किट-कैट फ्यूज सेट, 325 नग लग्स, 17 नग मेल-फीमेल कांटेक्ट तथा करीब 7 किलोग्राम फ्यूज वायर चोरी कर ले गए। घटना के बाद विभागीय अधिकारियों में हडक़ंप मच गया। सहायक यंत्री धर्मेंद्र साहू ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने के बाद नवापारा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के संदिग्धों और कबाड़ी कारोबारियों से भी पूछताछ कर रही है। वहीं सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। सरकारी कार्यालय में हुई इस चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


अन्य पोस्ट