गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 21 मई। नगर की जनता आज मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करने को मजबूर है। नगर में लगातार बढ़ती समस्याओं, प्रशासनिक उदासीनता एवं जनभावनाओं की अनदेखी के खिलाफ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवापारा नगर अध्यक्ष रामा यादव के नेतृत्व में 22 मई 2026, शुक्रवार सुबह 10 बजे नगर पालिका कार्यालय के सामने विशाल घेराव एवं धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामा यादव ने कहा कि नगर की जनता महीनों से पेयजल संकट, लंबित पेंशन, आवास जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन नगर प्रशासन और जिम्मेदार जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हुए हैं।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर हर उस मुद्दे को मजबूती से उठाएगी,जो आम नागरिकों के अधिकारों और सम्मान से जुड़ा है। यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि जनहित और जनता के अधिकारों की लड़ाई है। नगर के सभी वार्डों में नियमित एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।6 माह से लंबित पेंशन राशि का तत्काल भुगतान किया जाए। आबादी पट्टा धारियों को प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अन्य योजनाओं के तहत आवास उपलब्ध कराया जाए। विकास कार्यों में कांग्रेस पार्षदों के साथ हो रहे भेदभावपूर्ण रवैये को बंद किया जाए। सामुदायिक भवनों को अतिक्रमण एवं कब्जे से मुक्त कर जनहित में उपयोग हेतु उपलब्ध कराया जाए। नगर में संचालित मांस दुकानों को व्यवस्थित एवं निर्धारित स्थान पर स्थापित किया जाए, ताकि स्वच्छता एवं जनस्वास्थ्य सुरक्षित रह सके। ब्लॉक अध्यक्ष रामा यादव, महामंत्री सुरेन्द्र साहू ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सबसे बड़ी ताकत होती है। यदि प्रशासन जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करेगा, तो कांग्रेस पार्टी सडक़ से सदन तक संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेगी।उन्होंने नगरवासियों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।


