गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 20 मई। नगर की सामाजिक संस्था स्टेला वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा सिध समाज के मेधावी एवं प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
संस्था की ओर से दसवीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले अमन छाबड़ा एवं तिशा ऐशानी का मोमेंटो भेंट कर सम्मान किया गया। वहीं बारहवीं बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने पर परी गनवानी, डिंपी रावलानी एवं युक्ति साधवानी को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की मेहनत, लगन एवं सफलता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस अवसर पर संस्था की संस्थापक पूजा सायरानी ने कहा कि प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने से समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण बनता है और अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढऩे की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम में योगिता सिन्हा एवं हर्षा कंसारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए निरंतर आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।


