गरियाबंद

छुरा में मानस यज्ञ समिति के अमृत महोत्सव पर बनेगा 40 लाख का श्रीराम मंदिर
19-May-2026 4:06 PM
छुरा में मानस यज्ञ समिति के अमृत महोत्सव पर बनेगा 40 लाख का श्रीराम मंदिर

‘छत्तीसगढ़‘ संवाददाता

छुरा, 19 मई। गरियाबंद जिले की  छुरा नगर की प्राचीन धार्मिक संस्था मानस यज्ञ समिति अपने 75 वर्ष पूर्ण होने पर अमृत महोत्सव मना रही है। इस अवसर पर भगवान श्री राम-जानकी मंदिर को भव्य स्वरूप देने के लिए लगभग 40 लाख रुपये की लागत से नए मंदिर का निर्माण शुरू किया जा रहा है। खबर से नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है।

वर्तमान में स्थापित भगवान श्रीराम, माता जानकी एवं लक्ष्मण जी के विग्रहों को विधिवत पूजा के बाद अस्थायी रूप से अन्य स्थान पर स्थापित किया जाएगा। इसके बाद उसी स्थल पर नए मंदिर का निर्माण प्रारंभ होगा। मंदिर में सफेद मार्बल का उपयोग किया जाएगा। राजस्थान से आए अनुभवी कारीगर मंदिर को पारंपरिक शैली में तैयार करेंगे। कुछ पत्थरों व नक्काशी का काम राजस्थान में होगा, जबकि कई कलात्मक कार्य स्थानीय मानस मंदिर परिसर में ही संपन्न किए जाएंगे।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मंदिर का उद्देश्य केवल धार्मिक भवन बनाना नहीं है, बल्कि इसे क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का केंद्र बनाना है। मानस यज्ञ समिति हर साल विशाल मानस यज्ञ व धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करती है, जिसमें 60 से 70 गांवों के श्रद्धालु शामिल होते हैं। श्रद्धालुओं की लंबे समय से मांग थी कि यहां भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बने।

समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक ओंकार शाह ने कहा, अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पूरे देश में रामभक्ति का वातावरण है। ऐसे समय में मानस मंदिर के 75 वर्ष पूर्ण होने पर नगर में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण हम सबके लिए गर्व की बात है। यह मंदिर नई पीढ़ी को सनातन परंपरा से जोड़ेगा।

16 मई, शनिवार को विशेष धार्मिक अनुष्ठान व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विग्रहों को स्थानांतरित किया गया और उसी दिन से निर्माण कार्य शुरू हुआ। निर्माण में क्षेत्र के दानदाताओं, श्रद्धालुओं व समिति सदस्यों का सहयोग रहेगा।

इस अवसर पर अध्यक्ष ओंकार शाह, उपाध्यक्ष नथमल शर्मा ,बजरंग पांडेय, सचिव शीतल ध्रुव, मंत्री लखन तिवारी, कोषाध्यक्ष टंकेश्वर देवांगन, बिसेसर दीवान सहित गोपाल सोनी, विनोद देवांगन, मिथिलेश सिंहा, मनहरण पटेल, पुखराज ठाकुर, विमल पुरोहित, कमलेश साहू, ओम प्रकाश यादव, हिरालाल साहू, अर्जुन धनंजय, धनंजय शुक्ला, ओमप्रकाश द्विवेदी, शिव निर्मलकर, यश सिंहा, निखिल साहू, डिगेश्वरी गोस्वामी व अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में नगरवासी सक्रिय रूप से जुड़े हैं।

नगरवासियों ने इसे ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि यह मंदिर न केवल धार्मिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा बल्कि छुरा नगर की पहचान को भी नई ऊंचाई देगा।


अन्य पोस्ट