गरियाबंद

डायल 112 सेवा हाईटेक, गरियाबंद पुलिस बेड़े में जुड़ीं 8 नई गाडिय़ां
19-May-2026 4:00 PM
डायल 112 सेवा हाईटेक, गरियाबंद पुलिस बेड़े में जुड़ीं 8 नई गाडिय़ां

मिनटों में पहुंचेगी पुलिस मदद, वनांचल इलाकों में भी बढ़ी सुरक्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 19 मई। गरियाबंद जिले की आपातकालीन पुलिस सेवा अब और ज्यादा हाईटेक और तेज हो गई है। पुलिस मुख्यालय द्वारा गरियाबंद पुलिस को डायल 112 सेवा के तहत 8 नई आधुनिक चारपहिया वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। इन वाहनों के शामिल होने से जिले के शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ दूरस्थ वनांचल इलाकों में भी अब पुलिस सहायता पहले से कहीं अधिक तेजी से पहुंचेगी।

नई डायल 112 गाडिय़ां थाना गरियाबंद, पाण्डुका, राजिम, फिंगेश्वर, छुरा, मैनपुर, अमलीपदर और देवभोग को दी गई हैं। खास बात यह है कि मैनपुर, अमलीपदर और देवभोग जैसे दूरस्थ एवं संवेदनशील इलाकों में अब 24 घंटे सतत निगरानी और पेट्रोलिंग संभव हो सकेगी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी नए वाहन जीपीएस सिस्टम और आधुनिक संचार उपकरणों से लैस हैं। कंट्रोल रूम से सबसे नजदीकी वाहन को तत्काल घटना स्थल के लिए रवाना किया जाएगा, जिससे रिस्पांस टाइम में बड़ी कमी आएगी और पीडि़तों को त्वरित सहायता मिल सकेगी।

जिले के पुलिस अधीक्षक नीरज चंद्राकर ने बताया कि नई गाडिय़ों के शामिल होने से जिले की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी। सडक़ दुर्घटना, अपराध, घरेलू हिंसा, आगजनी या किसी भी आपात स्थिति में नागरिक बिना संकोच 112 नंबर डायल कर तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

हाईटेक डायल 112 से बढ़ेगा भरोसा

नई गाडिय़ों के जुडऩे से पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता में बड़ा सुधार माना जा रहा है। पुलिस विभाग का दावा है कि अब गांवों और वन क्षेत्रों में भी मदद ‘मिनटों में’ पहुंचाई जाएगी, जिससे आम जनता का भरोसा और मजबूत होगा।


अन्य पोस्ट