गरियाबंद

सोंठ में कबीर सत्संग, विधायक हुए शामिल
18-May-2026 2:55 PM
सोंठ में कबीर सत्संग, विधायक हुए शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 18 मई। ग्राम सोंठ में संत कबीर सत्संग समिति के तत्वाधान में सदगुरु संत कबीर साहेब का प्राकट्य उत्सव मनाया गया। जिसमें मुख्य अतिथि अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साहू,भाजपा कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, मंडल अध्यक्ष नागेंद्र वर्मा, परदेसीराम साहू,कृष्णा यादव सरपंच विशेष रूप से उपस्थित थे।  इस अवसर पर कबीर आश्रम नवापारा के विचार साहेब ने अपने उद्बोधन में कहा कि महात्मा कबीर ने धार्मिक तीर्थ स्थलों पर बार-बार जाकर स्नान करने के दिखावे का भी खंडन किया है। उनका मानना है कि यदि इन स्थानों पर जाकर स्नान करने से मनुष्य पवित्र हो जाते तो मछली से पवित्र संसार में कोई जीव नहीं होता। नहाए धोए क्या भया,जो मन मैल न जाए। मीन सदा जल में रहे, धोए बास न जाए।

‘जीव हमारी जाति है,मानव धर्म हमारा ’ समस्त मानवता की सेवा करने में तथा इंसानियत का पाठ पढ़ाने में संत कबीर ने अपना पूरा जीवन लगा दिया ताकि मानव अपने जीवन का सही लक्ष्य समझे तथा सभी के प्रति समान दृष्टिकोण रखे। ऊंच-नीच,भेदभाव,भाई-भतीजावाद से ऊपर उठकर ही मानव अपने जीवन का लक्ष्य प्राप्त कर सकता है.संत वास्तव में सबके होते हैं, उनकी कोई जाति नहीं होती, राष्ट्रीयता की सीमाएं उन्हें नहीं बांध सकती, न ही वे मनुष्य के बनाए हुए भेदभाव को समझते हैं। वे स्वयं कहते हैं कि न मैं हिंदू हूं न मुसलमान, मैं भी सभी के समान पांच तत्त्वों की देह धारण किए हुए हूं तथा मेरे अंदर भी अदृश्य आत्मा निवास करती है। विधायक इन्द्र कुमार साहू ने भी संत कबीर साहेब के जीवनी पर प्रकाश डाला एवं उसके बताए मार्गों पर चलने का आह्वान किया।  महंत रिखी दास साहेब,उमेन्द्र साहेब,ऊपरवारा वाले साहेब एवं अन्य संतों का एवं रात्रिकालीन संध्या में मि_ू साहेब गोजी का भजन कार्यक्रमन हुआ। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। प्रवचन को सुनने दूर दूर से संतजन पधारे हुए थे. कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि घोंट भुवन साहू, राजकुमार साहू एवं श्री कबीर सत्संग समिति के दयाराम साहू, बसंत साहू,पवन साहू,तामेश्वर साहू, दिनेश्वर साहू,नीलम साहू,रामजी साहू, प्रेमलाल साहू, उदे,कपूरचंद एवं सभी सदस्य उपस्थित थे। समस्त ग्रामवासी के सहयोग से कबीर प्राकट्य उत्सव का आयोजन सफलता पूर्वक मनाया गया।

 

 


अन्य पोस्ट