गरियाबंद
वनकर्मी और पंच पत्नी के खिलाफ शिकायत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 18 मई। अंचल में इन दिनों अवैध कब्जाधारी का हौसला बुलंद है,अतिक्रमणकारियों ने शासकीय भूमि तथा किसी के निजी भूमि पर भी अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं, प्रशासन को अवगत कराने के बाद कार्रवाई नहीं होने के कारण अतिक्रमण कारियों का हौंसला बुलंद होते जा रहा है।
गोबरा नवापारा क्षेत्र के ग्राम तर्री में शासकीय वन भूमि एवं मार्ग पर कथित अवैध अतिक्रमण का मामला सामने आया है। इस संबंध में कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अभनपुर द्वारा तहसीलदार गोबरा नवापारा को पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। गोबरा नवापारा निवासी सुनील कुमार बंगानी ने शिकायत प्रस्तुत कर बताया कि उन्होंने ग्राम तर्री स्थित खसरा नंबर 579, रकबा 0.1700 हेक्टेयर भूमि विधिवत पंजीकृत बैनामे के माध्यम से क्रय की है और वे उक्त भूमि पर शांतिपूर्वक काबिज हैं।
उन्होंने शिकायत में उल्लेख किया गया है कि उनकी भूमि तक आने-जाने के लिए शासकीय भूमि से होकर मार्ग स्थित है, जिसके मध्य भाग में वन भूमि/शासकीय भूमि खसरा नंबर 584 रकबा 0.900 हेक्टेयर स्थित है। आरोप है कि वन विभाग के कर्मचारी दशरूराम साहू पिता पुनीत राम साहू एवं उनकी पत्नी खेबत्ती साहू, वर्तमान पंच ग्राम पंचायत तर्री, द्वारा उक्त शासकीय वन भूमि के हिस्से पर अवैध अतिक्रमण कर कवेलूपोश मकान बनाकर कब्जा कर लिया गया है।
मामले को गंभीर मानते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अभनपुर ने संबंधित आवेदन पत्र की प्रतिलिपि तहसीलदार गोबरा नवापारा को भेजते हुए आवश्यक जांच एवं अतिक्रमण हटाने संबंधी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। बावजूद इसके अभी तक कार्रवाई लंबित है।


