गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 16 मई। भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के प्रदेश सहसंयोजक मुरलीधर सिन्हा ने धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आगामी खरीफ सीजन के लिए धान के एमएसपी में 70 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी किए जाने के बाद कांग्रेसियों के पेट में मरोड़ और दर्द होने लगा है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाकर 2441 रुपये प्रति क्विंटल तथा ग्रेड-ए धान का समर्थन मूल्य 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। श्री सिन्हा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के बाद अपने घोषणा पत्र के अनुरूप किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की गई और केंद्र के एमएसपी तथा घोषित समर्थन मूल्य के अंतर की राशि किसानों को भुगतान की गई।
उन्होंने कहा कि अब भी किसानों को एमएसपी से 659 रुपये अधिक राशि प्राप्त होगी, लेकिन कांग्रेस इस पर भी राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में किसानों को परेशान किया गया, धान खरीदी में गुणवत्ता के नाम पर नमक पानी में धान डुबोकर जांच की जाती थी तथा गिरदावरी के नाम पर किसानों की जमीन का रकबा घटाया जाता था।
भाजपा नेता ने कहा कि खेत की मेड़, कोठार, ट्यूबवेल और पंप हाउस की जमीन तक को गिरदावरी में कम कर दिया जाता था।
भारतीय जनता पार्टी के नेता मुरलीधर सिन्हा ने कहा कि जनता कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर कर चुकी है और आने वाले समय में कांग्रेस देश के राजनीतिक नक्शे से गायब होगा ।


