गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 16 मई। अंचल में रबि फसल के बाद अब किसान खरीफ फसल के लिए तैयारी कर रहे हैं। किसान सुबह से देर शाम तक अपने खेतों की साफ सफाई तथा अकरश जुताई के लिए तैयारी में लगे हुए हैं। वहीं सोसायटी में उपलब्ध खाद,बीज एवं नगद राशि (ऋण) के लिए भी पहुंच रहे हैं।
ग्रामीण सेवा सहकारी समिति मर्यादित नवापारा में भी पंजीकृत किसान अपने हिस्से का खाद,बीज एवं नगद राशि (ऋण) लेने पहुंच रहे हैं। जहां समिति प्रबंधक द्वारा सभी को शासन के गाइडलाइन के अनुसार नियमित रूप से खाद,बीज एवं ऋण उपलब्ध करा रहे हैं, सोसायटी अध्यक्ष छन्नू राम साहू एवं समिति प्रबंधक नूतन साहू ने बताया कि किसानों को प्रति एकड़ डीएपी,युरिया,पोटाश एक-एक बोरी एवं राखड़ दो बोरी तथा प्रमाणित बीज महामाया,सारना 3538 रुपया प्रति क्वींटल एवं कट्टा बोरी 30 किलो ग्राम 1061 रुपया 40 पैसे की दर से उपलब्ध हैं। वहीं किसानों को प्रति एकड़ 70 फीसदी नगद (ऋण) एवं 30 फीसदी खाद,बीज दे रहे हैं,इस प्रकार सभी किसानों के लिए सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।


