गरियाबंद
गरियाबंद में कई पंपों का स्टॉक खत्म
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 15 मई। सोशल मीडिया में पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैली अफवाह के बाद जिले में लोगों में घबराहट का माहौल देखने को मिला। अफवाह फैलते ही बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे, जिससे देर रात से ही लंबी कतारें लग गईं।
पेट्रोल पंप संचालकों ने बताया कि पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है तथा ऊपर से नियमित रूप से सप्लाई जारी है। बावजूद इसके सोशल मीडिया में वायरल खबरों के कारण लोगों ने जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवाना शुरू कर दिया, जिससे स्थिति अचानक बिगड़ गई।
संचालकों के अनुसार कल रात करीब 7 बजे से ही पेट्रोल पंपों पर भीड़ उमडऩे लगी थी, जो शुक्रवार सुबह लगभग 12 बजे तक लगातार बनी रही। बढ़ती मांग और भीड़ के चलते गरियाबंद के अधिकांश पेट्रोल पंपों में ईंधन समाप्त हो गया, जिसके कारण कई पंप बंद करने पड़े। वहीं शहर का इंडियन पेट्रोल पंप फिलहाल संचालित है, जहां स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दोपहिया वाहनों को 2 लीटर तथा बड़े वाहनों को 5 लीटर पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है।
पेट्रोल पंप संचालकों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत अनुसार ही पेट्रोल-डीजल लें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को सुचारु रूप से ईंधन उपलब्ध हो सके।
इंडियन पेट्रोल पंप संचालक ने बताया कि कल से सोशल मीडिया में फैले अफवाह की पेट्रोल डीजल की सप्लाई बंद व रेट 25 रुपए बढ़ जायेगा जिसके कारण पब्लिक पेट्रोल डीजल लेने की भीड़ कल रात 7 बजे से अभी तक भीड़ चल रहा हैं, पेट्रोल डीजल की सप्लाई बराबर जारी है, दो दिनों में एक टैंकर की खपत होती हैं लेकिन अभी जो स्थिति चल रही हैं उसके हिसाब से डेली एक या दो टैंकर की खपत हो सकती है


