गरियाबंद

वैश्विक तनाव के बीच मोदी की अपील देशहित में- अंकित
14-May-2026 2:37 PM
वैश्विक तनाव के बीच मोदी की अपील देशहित में- अंकित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 14 मई। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव तथा युद्ध जैसे हालातों का असर अब वैश्विक अर्थव्यवस्था पर दिखाई देने लगा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल, रसोई गैस, उर्वरक एवं प्लास्टिक उत्पादों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे समय में देशहित को सर्वोपरि बताते हुए भाजयुमो मंडल अध्यक्ष अंकित मेघवानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का समर्थन किया है।

अंकित मेघवानी ने कहा कि भारत विश्व का सबसे अधिक जनसंख्या वाला देश है और अपनी आवश्यकता का लगभग 88 प्रतिशत कच्चा तेल विदेशों से आयात करता है। इसके बावजूद केंद्र सरकार ने आम नागरिकों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े, इसके लिए ईंधन के दामों को नियंत्रित रखने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि वैश्विक युद्ध जैसे हालातों के कारण विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव बढ़ रहा है और आने वाले समय में आर्थिक चुनौतियां और गंभीर हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि मध्य पूर्व के संकट के कारण समुद्री मार्गों से तेल परिवहन महंगा हो गया है। वहीं उर्वरक निर्माण में उपयोग होने वाले अमोनियम के आयात पर भी असर पड़ा है,जिसका सीधा प्रभाव कृषि और आम उपभोक्ताओं की जरूरतों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वदेशी अपनाने, अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचने, एक वर्ष तक सोने की खरीद कम करने, रासायनिक उर्वरकों के उपयोग में कमी लाने तथा इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की अपील दूरदर्शी सोच का परिचायक है।

उन्होंने आम नागरिकों से भी देशहित में इन सुझावों का पालन करने की अपील की।


अन्य पोस्ट