गरियाबंद
विधायक रोहित साहू बोले - हर आवेदन का गंभीरता से हो त्वरित निराकरण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 13 मई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में चल रहे सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत मंगलवार को छुरा विकासखंड के ग्राम नवापारा में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के 14 ग्रामों से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं, मांगें और शिकायतें लेकर पहुंचे। शिविर में कुल 700 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण की प्रक्रिया मौके पर ही प्रारंभ की गई।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रख रहे हैं और सरकार भी उनके त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
विधायक श्री साहू ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और ग्रामीणों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष मीरा ठाकुर ने भी ग्रामीणों को संबोधित करते हुए अधिकारियों से संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विभाग पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करें ताकि जरूरतमंद लोगों को वास्तविक लाभ मिल सके।
शिविर में कलेक्टर श्री बीएस उइके, एसडीएम विशाल महाराणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को सामग्री वितरण भी किया गया। सुशासन तिहार के इस आयोजन से ग्रामीणों में उत्साह और भरोसे का माहौल देखने को मिला।


