गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 13 मई। शासकीय रामबिसाल पाण्डेय इंग्लिश मीडियम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (सेजेस) राजिम में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रवेश हेतु आयोजित लॉटरी प्रक्रिया एवं मेधावी सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
निर्धारित सीटों की तुलना में अधिक आवेदन प्राप्त होने के कारण शासन के दिशा-निर्देशानुसार प्रवेश प्रक्रिया लॉटरी के माध्यम से संपन्न कराई गई, जिसमें अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्यों तथा नागरिकों की उपस्थिति में पात्र विद्यार्थियों का कक्षा-वार चयन पर्चियों के माध्यम से किया गया तथा चयनित विद्यार्थियों के साथ प्रतीक्षा सूची भी जारी की गई।
कार्यक्रम में नगर पालिका राजिम अध्यक्ष महेश यादव, एसएमडीसी अध्यक्ष सुजाता शर्मा, प्राचार्य बी.एल. ध्रुव, राष्ट्रीय आईटी सेल अध्यक्ष विवेक शर्मा, सांसद प्रतिनिधि सोमनाथ पटेल, विधायक प्रतिनिधि खुशी साहू, एसएमडीसी सदस्य संजीव साहू, चंदन बंजारे, महेंद्र कश्यप, नगर पंचायत सभापति आकाश राजपूत, भारत यादव, बलराम यादव, सुरेश पटेल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विद्यालय द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें कक्षा 5वीं में राजीव टोंडाय, जीविका सोनकर, शौर्य पटेल एवं गीतांजलि देवांगन, कक्षा 8वीं में सिमरन साहू, साक्षी देवांगन एवं चंचल साहू, कक्षा 10वीं में वरुण साहू, जागृति वर्मा एवं याशिका वर्मा तथा कक्षा 12वीं में सुहानी बंजारे, ईशान द्विवेदी एवं ईशा साहू को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। उक्त अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव ने कहा कि छात्र छात्राएं लक्ष्य लेकर कोई भी कार्य करे तो सफलता निश्चित ही मिलती है, छात्र छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन में शिक्षकों और पालकों का बहुत बड़ा योगदान है।उन्होंने कहा कि इस विद्यालय के छात्र आज विधायक, सांसद और मै स्वयं नगर पालिका अध्यक्ष बना हू। उन्होंने प्रतिभावान छात्र छात्राओं को बधाई शुभकामनाएं दिए।एस एम डी सी अध्यक्ष सुजाता शर्मा और सांसद प्रतिनिधि सोमनाथ पटेल, विधायक प्रतिनिधि खुशी साहू ने भी सभा को संबोधित करते हुए लॉटरी में चयनित और उत्कृष्ट छात्र छात्राओं को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दिए।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक नारायण साहू ने किया आभार व्यक्त प्राचार्य बी एल ध्रुव ने किया।
विद्यालय परिसर में उत्साह, गौरव एवं हर्ष का विशेष वातावरण बना रहा तथा उपस्थित अतिथियों ने विद्यालय की उत्कृष्ट व्यवस्था, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।


