गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 11 मई। जिले के प्रसिद्ध भूतेश्वरनाथ महादेव मंदिर परिसर में सोमवार को श्रद्धा, आस्था और भक्ति भाव के साथ सोमनाथ स्वाभिमान पर्व 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं धर्मप्रेमी शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संत रामानंद शरण एवं विशिष्ट अतिथि संत मारुति नंदन शरण उपस्थित रहे। इसके अलावा ब्रह्माकुमारी संस्था की दीदी बिंदु वर्मा, जनपद अध्यक्ष सोहन ध्रुव, जनपद उपाध्यक्ष लेखराम तथा जनपद पंचायत सीईओ एस.के. नागेश सहित अनेक गणमान्यजन कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक एवं ओंकार मंत्र जाप का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों से भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने महादेव के जयकारों के साथ प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संत रामानंद शरण एवं दीदी बिंदु वर्मा ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और आत्मगौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व नई पीढ़ी को देश की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत से जोडऩे का संदेश देता है। वक्ताओं ने सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास एवं भारतीय संस्कृति की महत्ता पर भी प्रकाश डाला। आयोजन के अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।