गरियाबंद

पटेवा के पूर्व सरपंच के बेटे की संदिग्ध हालत में मिली लाश, जांच शुरू
07-May-2026 4:09 PM
पटेवा के पूर्व सरपंच के  बेटे की संदिग्ध हालत में  मिली लाश, जांच शुरू

नवापारा-राजिम, 7 मई। नवापारा से लगे ग्राम पटेवा के पूर्व सरपंच के बेटे का शव संदिग्ध अवस्था में नहर में तैरता हुआ मिला है। बुधवार सुबह ग्राम कोसमखूंटा के पास एक युवक का शव नहर में तैरता हुआ मिला। स्थानीय ग्रामीणों ने नहर में शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए आरंग भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस ने आसपास के लोगों और नजदीकी थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली गई, ताकि मृतक की पहचान सुनिश्चित की जा सके। कुछ घंटों बाद पुलिस जांच में शव की शिनाख्त ग्राम पटेवा के पूर्व सरपंच राजू पाल के बेटे धर्मेश उर्फ लल्ला (35) के रूप में हुई।

बताया जा रहा है कि धर्मेश पिछले दो दिनों से घर से लापता था और परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे। इसी बीच उसका शव नहर में तैरते हुए मिला। प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस हत्या, आत्महत्या या दुर्घटना की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल जांच जारी है।


अन्य पोस्ट