गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 5 मई। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत छुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 6 लाख 40 हजार रुपये कीमत का 12 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा जब्त करते हुए विधि से संघर्षरत बालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि दो व्यक्ति ओडिशा के कालाहांडी क्षेत्र से छुरा की ओर गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी छुरा ने टीम के साथ कोसोमबुड़ा तिराहा चेकपोस्ट पर घेराबंदी की। संदिग्धों को रोककर पूछताछ की गई, जिसमें एक विधि से संघर्षरत बालक तथा दूसरा आरोपी कुंदन कुमार निर्मलकर (25 वर्ष), निवासी इराईखुर्द, थाना घुमका, जिला राजनांदगांव का होना पाया गया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से स्लेटी-नीले रंग के पिठ्ठू बैग में खाकी टेप से लिपटा हुआ 12.800 किलो गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही प्रकरण में प्रयुक्त बजाज पल्सर एनएस 200 मोटरसाइकिल और दो मोबाइल भी जब्त किए गए। कुल जब्ती की कीमत 7 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में अवैध शराब और गांजा के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध व्यापार में संलिप्त लोगों पर सतत निगरानी रखी जा रही है और संलिप्तता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


