गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा राजिम, 5 मई। पश्चिम बंगाल और असम राज्यों के साथ ही केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में भाजपा की सरकार बनने पर छत्तीसगढ़ के पूर्व कृषि मंत्री चंद्रशेखर साहू ने कहा कि इस जीत के वास्तविक नायक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के लाखों समर्पित कार्यकर्ताओं के साथ ही मातृशक्तियां हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों को एक भरोसा दिलाया कि उनकी पार्टी की सरकार आने पर उनका राज्य विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा। वहीं कार्यकर्ताओं ने भीषण गर्मी में भी दिन-रात एक कर मोदी सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाकर लोगों को पक्का विश्वास दिलाया कि पीएम मोदी और भाजपा सरकार हैं तो विकास और सुशासन है। श्री साहू ने कहा कि विशेषकर पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत बीजेपी मुख्यालय में आज गुलाल उड़ रहा है, लेकिन यह जश्न सिर्फ जीत का नहीं है। यह उस संकल्प के पूरा होने का है,जो 1951 में डॉ. मुखर्जी ने लिया था। पहली बार बंगाल विधानसभा में मुख्यमंत्री की कुर्सी पर कोई ‘कमल’ का सिपाही बैठेगा। भाजपा के लिए यह जीत इसलिए भी बड़ी है, क्योंकि उन्होंने उस धरती पर अपनी सत्ता स्थापित की है,जहां से उनके वैचारिक पूर्वज ने भारत को एक नई दिशा देने का साहस किया था। जीत विपक्षी दलों को अहसास करा दिया।
कि भय और भ्रष्टाचार के साथ ही मजहब आधारित राजनीति के दिन अब पूरे हो चुके हैं ।
मातृशक्तियों द्वारा भाजपा को दिए आशीर्वाद को विपक्षियों को एक चेतावनी के रूप में लेना चाहिए कि महिला आरक्षण बिल गिराकर उन्होंने अपना कितना नुकसान कर लिया है।अंत में श्री साहू ने कहा कि पश्चिम बंगाल,असम और पुडुचेरी में भाजपा की जीत ने साबित कर दिया है कि भारत अब भगवामय होने की ओर अग्रसर है क्योंकि देशवासी पीएम मोदी और भाजपा में खुद का व देश का विकास, सुरक्षा और सशक्तिकरण देखते हैं।


