गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 1 मई। गरियाबंद जिले में महिला आरक्षण और परिसीमन मुद्दे पर सियासत गरमा गई है। भाजपा द्वारा कांग्रेस नेता व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला दहन किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने पलटवार करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला फूंका।
भारतीय जनता पार्टी की कार्रवाई को कांग्रेस ने लोकतंत्र और विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास बताया, वहीं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने भाजपा पर जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया।
जिला मुख्यालय सहित मैनपुर, छुरा, अमलीपदर और देवभोग में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने कहा कि महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन को आगे बढ़ाया जा रहा है, जिसका कांग्रेस विरोध करती है।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रित रही।
इस घटनाक्रम के बाद जिले में राजनीतिक बयानबाजी और विरोध-प्रदर्शन तेज होने के संकेत हैं। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अमित मिरी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ महिला पुरुष कार्यकर्ता मौजूद रहे।


