गरियाबंद
वकालत के क्षेत्र में बनाना चाहती हैं करियर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 30 अप्रैल। शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, राजिम की होनहार छात्रा प्रेमीन सोनकर ने 96.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप टेन में 10वां स्थान सुनिश्चित किया।
कॉमर्स संकाय की छात्रा प्रेमीन ने सभी पांचों विषयों में डिस्टिंक्शन प्राप्त किया है। विशेष रूप से व्यवसाय अध्ययन (बिजनेस स्टडीज) में उन्होंने 99 अंक हासिल किए, जबकि अन्य विषय में भी उनके अंक 97,95, 94,93 प्राप्त कर अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का परिचय दिया। परिणाम घोषित होते ही उन्हें बधाइयाँ देने वालों का तांता लग गया। नगरवासी स्वयं उनके घर पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं और उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त कर रहे हैं।
प्रेमीन सोनकर ने अपनी सफलता का श्रेय कठिन परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच को दिया। उन्होंने बताया कि यदि मन में ठान लिया जाए और उसी अनुसार मेहनत किया जाए, तो सफलता अवश्य मिलती है। आगे की पढ़ाई को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि वे एलएलबी (कानून) की पढ़ाई करना चाहती हैं और भविष्य में वकील या जज बनने का सपना रखती हैं।
उनका पारिवारिक जीवन भी संघर्षों से भरा रहा है। परिवार में उनकी मां और छोटा भाई हैं। उनके पिता का निधन वर्ष 2016 में हो चुका है। उनकी माता खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। घर की लाइट भी कम वोल्टेज के लगे हुए हैं। छोटा भाई वर्तमान में नवमी कक्षा में अध्ययनरत है। सीमित संसाधनों के बावजूद प्रेमीन ने अपनी पढ़ाई में कभी कमी नहीं आने दी।
प्रेमीन ने बताया कि वे स्कूल और ट्यूशन के अलावा घर पर प्रतिदिन लगभग 7 घंटे अध्ययन करती थीं। पढ़ाई के साथ-साथ वे घर के कामों में भी अपनी मां का सहयोग करती हैं और खाना बनाना भी जानती हैं। खाली समय में उन्हें पेंटिंग करना पसंद है, जो उनके व्यक्तित्व का एक रचनात्मक पक्ष दर्शाता है। उनकी इस सफलता पर स्कूल के प्राचार्य कृष्ण कुमार यदु, राजिम संकुल प्रभारी धर्मेंद्र ठाकुर, नगरपालिका अध्यक्ष महेश यादव, पार्षद टंकु सोनकर, छत्तीसगढ़ सोनकर समाज के महामंत्री चेतन सोनकर, अनुज सोनकर, कवि एवं साहित्यकार संतोष कुमार सोनकर, जिनेंद्र यादव, नागेंद्र निषाद सहित कई गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


