गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 29 अप्रैल। राजधानी रायपुर में शिक्षा जगत में स्वप्रेरित नवाचारी गतिविधियां समूह भारत की छत्तीसगढ़ टीम द्वारा राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षा रत्न सम्मान सह शैक्षिक संप्रवाह 2025-26 का आयोजन जे एन.पांडेय शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रायपुर में हुआ।
उक्त समारोह में छत्तीसगढ़ से चयनित 160 उत्कृष्ट शिक्षकों को उनके नवाचारी कार्यों के लिए सम्मानित किया गया, इसी तारतम्य गरियाबंद जिले से पंडित रामबिशाल पाण्डेय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय राजिम के व्याख्याता एवं एनसीसी अधिकारी सागर शर्मा ने साहित्य में, एनसीसी के क्षेत्र में व प्लास्टिक मुक्ति अभियान,एक पेड़ मां के नाम ,नशा मुक्ति अभियान, निशुल्क सैन्य भर्ती प्रशिक्षण आदि कार्यों से शिक्षा जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई उनके उत्कृष्ट कार्य लिए नवाचारी गतिविधियां समूह भारत के द्वारा सम्मानित किया गया।
समारोह में ए के सारस्वत उप संचालक समग्र शिक्षा रायपुर, डॉ. बी. रघु उप सचिव, माध्यमिक शिक्षा मंडल और हिमांशु भारती जिला शिक्षा अधिकारी रायपुर, अरुण शर्मा डीएमसी रायपुर उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में इस कार्यक्रम प्रमुख संजीव कुमार सूर्यवंशी के साथ गरियाबंद जिला टीम के पुष्पा शुक्ला, लोकेश्वर सोनवानी, यशवंत कुमार बघेल, मीनाक्षी शर्मा आदि सहित देशभर की टीम का आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान रहा। देश का सबसे बड़ा स्व-प्रेरित शिक्षक समूह: नवाचारी गतिविधियां समूह भारत देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़ा एकमात्र और सबसे बड़ा स्व-प्रेरित नवाचारी शिक्षक समूह है। इस समूह की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इससे जुड़े सभी सदस्य शासकीय विद्यालयों में पदस्थ शिक्षक हैं। ये शिक्षक वर्ष 2017 से लगातार अपनी स्व-प्रेरणा से सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए अतिरिक्त प्रयास कर रहे हैं। पिछले पांच वर्षों से यह समूह लगातार इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का सफल आयोजन कर रहा है, जिसकी पूरी योजना और क्रियान्वयन स्वयं शिक्षकों द्वारा ही किया जाता है।


