गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अभनपुर, 25 अप्रैल। जांजगीर-चांपा जिले स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्लांट में शुक्रवार को एक विस्फोट की घटना सामने आई है। घटना फर्नेस (भट्टी) में हुई बताई जा रही है। घटना के बाद कुछ मजदूरों के घायल होने की सूचना है, हालांकि आधिकारिक रूप से संख्या की पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि इसी प्लांट में पिछले वर्ष हुए भ_ी विस्फोट में जीएम स्तर के अधिकारी समेत 13 लोगों की मौत हो गई थी।
इस घटना पर भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के प्रदेश अध्यक्ष टिकेंद्र सिंह ठाकुर ने प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि बार-बार हो रही घटनाएं सुरक्षा मानकों में कमी की ओर संकेत करती हैं। उन्होंने मामले में जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही प्रभावित मजदूरों को मुआवजा देने की बात कही है। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित नहीं होता, तब तक प्लांट के संचालन पर विचार किया जाना चाहिए।
टिकेंद्र ठाकुर ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्लांट में काम करने वाले अधिकतर मजदूर आसपास के गांवों से आते हैं। उनके लिए यह नौकरी ही जीवन का सहारा है। लेकिन लगातार हो रही दुर्घटनाएं यह सवाल खड़ा करती हैं—क्या उनकी सुरक्षा सिर्फ कागजों में ही सीमित है?


