गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 22 अप्रैल। छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति के जाने-माने कलाकार एवं ग्राम लोहासी, पांडुका निवासी राजकुमार यादव पर सुरंगपानी व घटारानी जंगल क्षेत्र में बीते दिनों अचानक भालू ने हमला कर दिया। हमले में श्री यादव गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उप स्वास्थ्य केंद्र खड़मा में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
क्षेत्रीय प्रवास के दौरान घटना की जानकारी मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता रूपसिंग साहू उप स्वास्थ्य केंद्र खड़मा पहुंचे और घायल लोक कलाकार राजकुमार यादव से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की विस्तृत जानकारी ली तथा श्री यादव के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि श्री यादव छत्तीसगढ़ी लोक कला एवं संस्कृति को जीवित रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। ऐसे कलाकारों का संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने घायल कलाकार एवं उनके परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। साथ ही वन विभाग के अधिकारियों से बात कर जंगली जानवरों के हमले की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई और क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की बात कही।


