गरियाबंद
नागरिकों को पहली बार मिली स्वयं जानकारी भरने की सुविधा, 1 मई से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 18 अप्रैल। भारत की आगामी जनगणना की तैयारियों के तहत जिले में ऑनलाइन स्व-गणना प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस नई व्यवस्था के तहत अब नागरिक स्वयं वेब पोर्टल के माध्यम से अपनी जनगणना संबंधी जानकारी भर सकते हैं।
जिले में स्व-गणना की शुरुआत के साथ ही कलेक्टर श्री बी.एस. उइके एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रखर चंद्राकर ने स्वयं ऑनलाइन प्रपत्र भरकर इस पहल की शुरुआत की। इस दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती ऋषा ठाकुर और एनआईसी के उपनिदेशक श्री नेहरू निराला भी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री उइके ने बताया कि शासन द्वारा नागरिकों की सुविधा के लिए यह प्रक्रिया सरल और सहज बनाई गई है। घर का मुखिया निर्धारित पोर्टल द्धह्लह्लश्चह्य://ह्यद्ग.ष्द्गठ्ठह्यह्वह्य.द्दश1.द्बठ्ठ/ के माध्यम से सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक फॉर्म भर सकता है। एक मोबाइल नंबर से केवल एक ही स्व-गणना प्रपत्र भरा जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि फॉर्म भरने के बाद एक यूनिक आईडी प्राप्त होगी, जिसे प्रगणक के घर पहुंचने पर बताना आवश्यक होगा। यदि कोई नागरिक स्वयं फॉर्म नहीं भर पाता है, तो 1 से 30 मई के बीच प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे।
कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना की पूरी प्रक्रिया सुरक्षित और गोपनीय है। नागरिकों द्वारा दी गई जानकारी का उपयोग किसी भी प्रकार के साक्ष्य के रूप में नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि प्रगणकों को सही और पूर्ण जानकारी दें, क्योंकि जनगणना के आंकड़े ही भविष्य में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, संसाधनों के वितरण और निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन का आधार बनते हैं।


