गरियाबंद
वीडियो-ऑडियो से खुलासा, कलेक्टर ने की त्वरित कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 18 अप्रैल। गरियाबंद जिले के छुरा तहसील में पदस्थ पटवारी खेमचंद साहू (हल्का क्रमांक 28 दूल्ला एवं 36 केवटीझर) पर रिश्वत मांगने और पैसे उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और ऑडियो क्लिप के आधार पर मामला उजागर हुआ, जिसमें प्रथम दृष्टया भ्रष्टाचार और अनियमितता स्पष्ट प्रतीत हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर बी.एस. उइके ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खेमचंद साहू को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम-03 तथा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम-09 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय, भू-अभिलेख शाखा, जिला गरियाबंद निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। कलेक्टर ने मामले की निष्पक्ष जांच शीघ्र पूर्ण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


