गरियाबंद
गरियाबंद, 16 अप्रैल। कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ के निर्देशानुसार जिले के सभी बी3 प्लस ग्राम पंचायत मुख्यालयों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर की गई।
ग्राम सभाओं में निर्धारित एजेंडा के साथ-साथ जल शक्ति अभियान के तहत जन सहभागिता से सोख पीट निर्माण, नशा मुक्त पंचायत बनाने तथा जिले व राज्य को बेहतर बनाने का संकल्प लिया गया। इसके साथ ही ‘सुपोषित छत्तीसगढ़ ’ के निर्माण हेतु ग्रामीणों को शपथ दिलाई गई। ग्राम पंचायतों में स्वीकृत प्रधानमंत्री आवासों को समय सीमा में पूर्ण करने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया गया।
इसी क्रम में जनपद पंचायत अंतर्गत सभी 62 ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा आयोजित की गई। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार सिंह नागेश ने ग्राम सभाओं में जल संरक्षण की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सोख पीट निर्माण अभियान का शुभारंभ किया।
ग्राम पंचायत मजरकट्टा, कोचबाय, बारूका और कोदोबतर सहित अन्य पंचायतों में सरपंच, सचिव एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में जल संरक्षण, प्रधानमंत्री आवास योजना, सुपोषित गरियाबंद तथा नशामुक्ति अभियान पर विशेष जोर दिया गया। ग्रामीणों ने इन योजनाओं को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी का भरोसा दिलाया।